ऋतिक रोशन और सैफ अली खान स्टारर फिल्म ‘विक्रम वेधा’ की एडवांस बुकिंग उम्मीद के मुताबिक न होने से फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप की सी हालत है। फिल्म की रिलीज में अब सिर्फ दो दिन का समय बचा है और अब तक ये फिल्म ऋतिक रोशन की ही पिछली फिल्म ‘वॉर’ की पहले दिन की एडवांस बुकिंग के 10 फीसदी का आंकड़ा भी नहीं छू पाई है। इस साल रिलीज हुई हिंदी फिल्मों की एडवांस बुकिंग की तुलना में भी फिल्म ‘विक्रम वेधा’ काफी पीछे है और इसके साथ हिंदी में डब होकर रिलीज हो रही फिल्म ‘पीएस 1’ की टिकटों की कीमत पहले दिन से ही सौ रुपये कर दिए जाने का भी इस पर काफी असर हो सकता है। इस बीच फिल्म ‘विक्रम वेधा’ की एक खास स्क्रीनिंग मुंबई में सोमवार की रात हुई जिसमें मौजूद इंडस्ट्री के दिग्गजों ने फिल्म की काफी तारीफ की हैं।