फिल्म 'टाइगर 3' ने रिलीज के छठे दिन 200 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा छू लिया है। इसी खुशी में फिल्म के हीरो सलमान खान, हीरोइन कटरीना कैफ और विलेन इमरान हाशमी ने अपने प्रशंसकों के लिए एक खास शो का आयोजन यहां मुंबई में किया। डेढ़ घंटे के इंतजार के बाद ‘भाईजान’ आए। बटोर कर लाए गए अपने ‘प्रशंसकों’ से मिले। सलमान खान ने अपने प्रशंसकों से बातचीत की और आखिर में कहा कि वे सब लोग ये फिल्म जरूर देखें। अगर देख रखी हो तो दोबारा देखें। लेकिन, सलमान के जाते ही सिनेमाहॉल आधे से ज्यादा खाली हो गया। चलती फिल्म छोड़कर बाहर निकले ये ‘प्रशंसक’ किस आधार पर लाए गए थे, इसको लेकर भी तरह तरह की बातें कार्यक्रम के बाद होती दिखीं।