मुफासा और सिम्बा यानी एक पिता और पुत्र की बेहद भावुक कहानी कहती फिल्म द लॉयन किंग की रिलीज में अब गिनती के दिन बचे हैं और इसी बीच शुरू हो गई है चर्चा फिल्म के विलेन स्कार की। स्कार को डिज्नी की एनिमेशन फिल्मों का सबसे खतरनाक विलेन माना जाता है। 25 साल पहले स्कार इसी फिल्म के पहले संस्करण में दिखा था, तबसे लेकर अब तक बच्चे उससे डरते ही रहे हैं।
प्राइड लैंड्स के दो राजकुमारों में से बड़ा मुफासा जब राजा बन जाता है तो स्कार के षड्यंत्र शुरू होते हैं। सिम्बा का जन्म होने के बाद उसे लगता है कि राजा बनने का अब उसे कोई मौका नहीं मिलने वाला तो वह मुफासा के खिलाफ जानलेवा साजिश रचता है। डिज्नी ने मुफासा और सिम्बा के अलावा इस बार स्कार को भी एक नया रंग रूप दिया है। आयरमैन और जंगल बुक जैसी फिल्मों के निर्देशक जॉन फैवर्यू ने द लॉयन किंग को इस बार फोटो रियल तकनीक के सहारे बनाया है और परदे पर पूरी जमात को बिल्कुल जीवंत कर दिया है। शुक्रवार को रिलीज होने जा रही द लॉयन किंग का विलेन स्कार याद आते ही याद आते हैं वे पांच विलेन भी जिन्होंने सिनेमा के परदे पर बरसों तक अपनी दहशत कायम रखी।