कोरोना वायरस की दूसरी लहर अभी भी थमी नहीं है और आए दिन लोग इससे प्रभावित हो रहे हैं। एक तरफ तो लोगों में कोरोना संक्रमित होने का भय है दूसरी तरफ लॉकडाउन के चलते लोग भुखमरी और तनाव से भी परेशान हो रहे हैं। कोरोना वायरस की इस लहर ने लोगों की जिंदगियां और नौकरियां दोनो ही छीन ली है। मनोरंजन जगत भी इस महामारी से अछूता नही हैं। एक तरफ जहां बड़े सितारों के लिए ये सिर्फ घरों में कैद हो जाने तक की बात है तो वहीं दूसरे कलाकारों के लिए उनकी रोजी-रोटी इस लॉकडाउन के चलते छिन चुकी है। बुजुर्ग कलाकार इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं और उनका ज्यादा नुकसान हो रहा है। बहुत से कलाकार लॉकडाउन में तंगहाली का सामना कर रहे हैं। दक्षिण भारतीय अभिनेत्री पावला स्यामाला( Pavala Syamala) भी आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं। यहां तक कि उन्हें पैसों के लिए अपने अवॉर्ड्स तक बेचने पड़े। अब सोशल मीडिया पर कई लोग उनकी मदद के लिए आगे आए हैं।