ढोल नगाड़े, गिद्दा, भांगड़ा और जसपिंदर नरूला की गाई ‘घोड़ियों’ के साथ ही चर्चित गायक मीका सिंह के लग्न की शुरुआत यहां राजस्थान की जान समझे जाने वाले शहर जोधपुर में हो गई। मुंबई के स्टूडियोज और लोकेशन्स से बाहर निकलकर मीका सिंह ने जोधपुर शहर के बेहद खूबसूरत रिसॉर्ट में डेरा जमा रखा है। और, उनका ये डेरा यहां जमा है उनकी शादी के लिए। मीका सिंह टेलीविजन पर अपना स्वयंवर कर रहे हैं, ये बात तो हम आपको पहले ही बता चुके हैं। यहां जोधपुर में मीका सिंह अपनी उन राजकुमारियों के साथ मीडिया से मुखातिब हुए जिन्हें वह राजकुमारियां कहते हैं। कार्यक्रम के होस्ट गायक शान के मुताबिक चूंकि मीका सिंह अपने प्रशंसकों के बीच ‘किंग’ कहलाते हैं तो उनके लिए रिश्ता लेकर आईं संभावित वधुएं ‘राजकुमारियां’ ही कहलाईं।