दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन को करीब डेढ़ महीना बीत चुका है। इस बीच अब तक मामले को लेकर उनके परिवार की तरफ से कोई बड़ी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। लेकिन सुशांत के परिवार ने अब इस मामले को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। सुशांत के पिता केके सिंह ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।
उन्होंने रिया के अलावा उनके परिजनों इंद्रजीत चक्रवर्ती, संध्या चक्रवर्ती, शोविक चक्रवर्ती के खिलाफ भी शिकायत दी है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि रिया और उसके परिजनों ने कामयाबी की बुलंदियों को छू रहे सुशांत से नजदीकियां बढ़ाई ताकि उसके पैसों को हथिया सके।
सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने अपने बयान में कहा, 'जब रिया ने देखा कि सुशांत उसकी बात नहीं मान रहा है और उसका बैंक बैलेंस भी कम होता जा रहा है तो रिया को लगा कि अब सुशांत उसके किसी काम का नहीं है। बयान में दावा किया गया है कि आठ जून तक रिया चक्रवर्ती सुशांत राजपूत के साथ रह रही थी। इसके बाद वह घर से सारा सामान, नकदी, जेवरात, लैपटॉप, पासवर्ड, क्रेडिट कार्ड और उनके पिन नबंर, सुशांत के जरूरी दस्तावेज और इलाज के सारे कागज लेकर चली गई।'