सुशांत सिंह राजपूत और शौविक के साथ रिया चक्रवर्ती
- फोटो : PTI और सुशांत का इंस्टाग्राम
रिया की गिरफ्तारी किस मामले में हुई?
ड्रग्स लेन-देन के मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को आठ सितंबर को गिरफ्तार कर 22 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने मुंबई की विशेष अदालत में जमानत याचिका दायर की जिसे शुक्रवार (11 सिंतबर) को मुंबई की एक विशेष अदालत ने खारिज कर दिया। अदालत ने साथ ही उनके भाई शौविक चक्रवर्ती और अन्य अभियुक्तों अब्दुल बासित, जायद विलात्रा, दीपेश सावंत और सैमुअल मिरांडा की जमानत की अर्जी भी ठुकरा दी।
रिया चक्रवर्ती पर सुशांत के लिए ड्रग का इंतजाम करने और उस दौरान पैसे के लेन-देन का आरोप है। रिया को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8C, 22, 27A 28 और 29 के तहत गिरफ्तार किया गया है, जिसमें ड्रग्स की तस्करी, ड्रग्स लेने के लिए बरगलाने और षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप है। इस बात की कहीं से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि रिया के पास से एनसीबी को कोई ड्रग मिला है या फिर क्या वो उनका सेवन करती थीं। चार सिंतबर को रिया के भाई शौविक को भी एनडीपीएस एक्ट के तहत ही गिरफ्तार किया गया था।
यहां ये जानना जरूरी है कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत का ड्रग्स से कोई लेना-देना है, इसका कोई भी लिंक अभी तक किसी जांच एजेंसी ने साबित नहीं किया है। ये बात जरूर मीडिया में अब चल रही है कि सुशांत को ड्रग्स देकर रिया ने अपने 'वश' में कर लिया था। एनसीबी ने अब तक रिया और उनके भाई समेत कुल 10 लोगों की गिरफ्तारी की है। इन 10 लोगों में सुशांत के हाउस मैनेजर सैमुअल मिरांडा, सुशांत के स्टाफ दीपेश सावंत समेत ड्रग सप्लायर जैद विलातरा, बासित परिहार, अनुज केसवानी, कैजान इब्राहिम, अब्बास अली लखानी और कर्ण अरोड़ा शामिल हैं।