बॉलीवुड में सुरैया को ऐसी गायिका-अभिनेत्री के तौर पर याद किया जाता है, जिन्होंने अपने सशक्त अभिनय और जादुई पाश्र्वगायन से लगभग चार दशक तक सिने प्रेमियों को अपना दीवाना बनाए रखा। सुरैया का जन्म 15 जून 1929 को पंजाब में एक मुस्लिम परिवार में हुआ था। लोग जितने इस एक्ट्रेस की अदायगी के कायल थे उससे कहीं ज्यादा उनकी सुंदरता के। सुरैया के जन्मदिन विशेष में आपको बताएंगे उनके और देवानंद के प्यार के किस्सों की। हिंदी सिनेमा के देवानंद जिसे 10 साल तक भारत के सबसे महंगे सुपरस्टार होने का गौरव प्राप्त है। वहीं देवानंद जिसके लिए सुरैया जैसी अभिनेत्री आजीवन कुंवारी रहीं। सुरैया एक जमाने में हिंदी फिल्मों की बड़ी हस्ती थीं, वो अभिनेत्री भी थीं, गायिका भी।
खबरों की मानें तो देवानंद की सुरैया से पहली मुलाकात फिल्म 'विद्या' के सेट पर हुई थी। दरअसल, देव आनंद ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत सन 1946 में फिल्म 'हम एक हैं' से की। इस फिल्म में वो हीरो बनकर परदे पर आए, हालांकि फिल्म चल नहीं पाई। इसके बाद साल 1948 में आई 'जिद्दी'। जिसने देव साहब को हिट बना दिया। इसी दौरान देव आनंद को एक अदाकारा से प्यार हुआ। वो भी देव साहब पर फिदा थीं।