अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में बने रहने वाले गीतकार और कवि जावेद अख्तर ने शुक्रवार को राजनैतिक पार्टी कांग्रेस पर निशाने साधा। कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल के घर पर हुए हमले को लेकर अपना गुस्सा जाहिर जावेद अख्तर ने ट्वीट किया। पूर्व राज्यसभा सांसद ने अपने ट्वीट में कहा कि कपिल सिब्बल के घर पर उन्हीं लोगों ने हमला किया है, जो अभिव्यक्ति की आजादी खत्म करने के लिए मोदी सरकार की आलोचना करते हैं।
अख्तर ने यह भी पूछा कि क्या राहुल गांधी को हमले की कड़े शब्दों में निंदा नहीं करनी चाहिए? हाल ही में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने कहा था कि वह 'जी हुजूर 23' ग्रुप का हिस्सा नहीं हैं और अपनी मांगें रखते रहेंगे। कपिल के इस बयान के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके घर पर धावा बोल दिया। दरअसल, पंजाब में जारी आंतरिक कलह और कैप्टन अमरिंदर सिंह को दरकिनार करने पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने सवाल उठाए हैं।