देश के सिनेमाघरों में चल रही फिल्मों में से रविवार को सबसे ज्यादा कलेक्शन तेलुगू फिल्म स्टार महेश बाबू की फिल्म ‘सरकारु वारी पाटा’ ने किया। फिल्म की रिलीज के चौथे दिन इस फिल्म का कलेक्शन शनिवार से बेहतर हुआ। बेहतर कलेक्शन रणवीर सिंह की फिल्म ‘जयेशभाई जोरदार’ ने भी बीते दिन के मुकाबले किया, लेकिन इस फिल्म का कलेक्शन देखकर अब इससे कोई उम्मीद न दर्शकों को बाकी रही है, न वितरकों को और न ही शायद इसके निर्माताओं को। यशराज फिल्म्स ने अब अपना ध्यान अपनी अगली फिल्म ‘पृथ्वीराज’ पर लगा दिया है। वहीं, अभिनेता यश की फिल्म ‘केजीएफ चैप्टर 2’ का प्रदर्शन रविवार के हिसाब से फिर उछला और अपनी रिलीज के 32वें दिन ‘जयेशभाई जोरदार’ के तीसरे दिन के कलेक्शन से आगे निकल गया।