रिलायंस एंटरटेनमेंट और करण जौहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शन के साझा सहयोग में बनी अक्षय कुमार, कटरीना कैफ, अजय देवगन और रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘सूर्यवंशी’ की रिलीज को लेकर इसके निर्माताओं और प्रदर्शकों के बीच चला आ रहा गतिरोध मंगलवार को दूर हो गया। ये फिल्म अब पांच हजार से ज्यादा स्क्रीन्स के साथ रिलीज के लिए तैयार है। शुक्रवार 5 नवंबर को रिलीज हो रही इस फिल्म का सीधा मुकाबला मार्वेल स्टूडियोज की फिल्म ‘इटर्नल्स’ से होगा जिसमें एक साथ 10 नए सुपर हीरो मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स में शामिल हो रहे हैं। इनमे से एक सुपरहीरो को हिंदी फिल्म जगत में बतौर एक सुपरस्टार काम करते दिखाया गया है।