सोनू सूद कभी सिर्फ बॉलीवुड के अभिनेता हुआ करते थे, आज उनकी पहचान गरीबों के मसीहा के रूप में भी होती है। पिछले साल जब कोरोना ने भारत में दस्तक दी तो आम जन की तरह बाकी सेलेब्स भी घर में बैठ गए। हालांकि सोनू सूद सड़क पर उतरे और घर जाने के लिए परेशान मजदूरों और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आए। इसके बाद से कोरोना की दूसरी लहर में भी उनकी जनसेवा जारी है। सोनू सूद को आम जनता भगवान मानने लगी है और सेलेब्स भी उनकी तारीफ करते नहीं थकते। उनकी जितनी तारीफ की जाए कम ही है। बेड की कमी हो या ऑक्सीजन की, किसी को घर पहुंचाना हो या कहीं से कहीं और ले जाना हो, सोनू सूद मदद करने से पीछे नहीं हटते।
देश भर लगेंगे करीब 18 ऑक्सीजन प्लांट्स
अब हाल ही में सोशल मीडिया पर उन्होंने एक और घोषणा की है। सोनू सूद ने बताया है कि वो देशभर में करीब 15 से 18 ऑक्सीजन प्लांट लगवाएंगे। इसकी शुरूआत वो कुरनूल और नेल्लोर, आंध्र प्रदेश, मैंगलोर, कर्नाटक से कर रहे हैं। सोनू सूद के मुताबिक तमिलनाडु, पंजाब, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश और कई अन्य राज्यों में संयंत्र स्थापित किए जाने हैं।