सिलसिला
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
अमिताभ बच्चन हिट, 'सिलसिला' फ्लॉप
साल 1981 अमिताभ बच्चन के करियर का एक और कामयाब साल था। इस साल उनकी फिल्मों में से 'नसीब', 'याराना', 'कालिया' और 'लावारिस' ने बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर कमाई की। फिल्म 'बरसात की एक रात' भी ठीक ठाक रही थी, लेकिन 'सिलसिला' नहीं चल पाई। हिंदी सिनेमा में ऐसी फिल्मों की लंबी सूची है जिन्हें इनके रिलीज होने के समय की पीढ़ी ने पूरी तरह ठुकरा दिया, लेकिन उनके बाद की पीढ़ी ने उन्हीं फिल्मों को सिर आंखों पर बिठा लिया। 'सिलसिला' फ्लॉप होने की तमाम वजहों में से एक वजह तो यही रही कि फिल्म में जया बच्चन को अमिताभ बच्चन की होने वाली भाभी के तौर पर शुरू में दिखा दिया गया। और, बाद में इतनी शिद्दत से प्यार करने वालों को आखिर में मिलने नहीं दिया गया। अमिताभ और रेखा ने इस फिल्म में जो एहसास कैमरे के सामने बिताए हैं, वे असली एहसास से कम नहीं हैं, ये एहसास जब लोगों को पसंद नहीं आए तो अमिताभ बच्चन ने फिर कभी रेखा के साथ परदे पर काम ही नहीं किया। यहां ये नोट करने लायक है कि किसी फिल्म में पहली बार दोनों ने 'दो अनजाने' में काम किया और फिल्म के बाद दोनों हकीकत में दो अनजाने बनकर रहने लगे।