बॉलीवुड अभिनेत्री नीना गुप्ता इन दिनों अपनी किताब 'सच कहूं तो: मेरी आत्मकथा' को लेकर चर्चा में हैं, इस किताब में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई राज साझा किए हैं। अभिनेत्री ने बताया है कि एक वक्त उनकी मां आत्महत्या तक की कोशिश कर चुकी हैं। इसका कारण था उनके पिता की दूसरी शादी। नीना गुप्ता ने अपनी मां के बारे में बताते हुए लिखा है कि उनकी मां शकुंतला गुप्ता एक पंजाबी लड़की थी।
अभिनेत्री ने लिखा, उन्होंने एक ऐसे शख्स के साथ शादी की थी, जो दूसरे कास्ट के थे। उनके पिता रूप नारायण गुप्ता ने न सिर्फ अपने प्यार से शादी की बल्कि अपने परिवार की मर्जी की लड़की से भी शादी की। नीना गुप्ता ने लिखा, 'मेरे पिता में इतना साहस था कि मेरी मां जिनसे वह प्यार करते थे उनसे शादी करें। इसके अलावा वह एक अच्छे बेटे भी थे। इस कारण उनके पिता ने जब अपने ही समाज की औरत से शादी करने के लिए कहा तो उन्होंने मना नहीं किया।'