फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rocky Aur Rani Kii Prem Kahaani: पहले वीकएंड पर फिल्म ‘83’ से कम रही रॉकी की कमाई, अब निगाहें मंडे टेस्ट पर

Mon, 31 Jul 2023 12:03 PM IST
ज्योति राघव अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

सार


 
विज्ञापन
1 of 5
रणवीर सिंह - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
फिल्मी पृष्ठभूमि से आने वाले कलाकारों को अपनी फिल्मों में बेइंतहा काम देने के चलते अभिनेत्री कंगना रणौत के निशाने पर रहने वाले निर्देशक करण जौहर पर इल्जाम है कि उनकी ताजातरीन रिलीज फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ के बॉक्स ऑफिस नतीजों में आई तेजी जुगाड़ की है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक फिल्म के पहले दिन के कलेक्शन से लेकर रविवार तक के कलेक्शन में शानदार इजाफा होता गया और अब बारी है पहले हफ्ते के पहले सोमवार की यानी मंडे टेस्ट की। अगर फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ अपने रविवार के कलेक्शन का आधा कलेक्शन कर पाने में सोमवार को कामयाब रही तो फिल्म के घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सम्मानजनक कारोबार करने की उम्मीद बंध सकती है।
विज्ञापन

2 of 5
'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में आलिया-रणवीर - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
टॉप 5 से चूकी करण की फिल्म
फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ ने अपनी रिलीज के पहले दिन शुक्रवार को 11.10 करोड़ रुपये, दूसरे दिन यानी शनिवार को 16.05 करोड़ रुपये और रिलीज के तीसरे दिन यानी रविवार को शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 19 करोड़ रुपये का कारोबार किया। नई फिल्में देखने के लिए सप्ताहांत पर सिनेमाघर जाने वालों का मेला खत्म होने के बाद अब फिल्म का असल इम्तिहान सोमवार को होना है। फिल्म ने पहले सप्ताहांत में अभी तक के आंकड़ों के मुताबिक करीब 46 करोड़ रुपये कमाए हैं। करीब 180 करोड़ रुपये की निर्माण और प्रचार लागत की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ के लिए ये कलेक्शन बहुत अच्छा नहीं है। और, रणवीर सिंह की अब तक रिलीज फिल्मों में सप्ताहांत के आंकड़ों के हिसाब से इसका नंबर उनकी टॉप 5 फिल्मों में भी नहीं आ सका है।
विज्ञापन

3 of 5
रणवीर सिंह-दीपिका पादुकोण - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
‘पद्मावत’ ने पहले वीकएंड पर कमाए 114 करोड़
अभिनेता रणवीर सिंह के करियर की सबसे कामयाब फिल्म अब तक ‘पद्मावत’ मानी जाती है जिसमें वह खलनायक बने थे। फिल्म ने पहले सप्ताहांत में 114 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया था। पहले सप्ताहांत की कमाई के हिसाब से दूसरे नंबर पर रणवीर की फिल्म  ‘सिम्बा’ है जिसका रिलीज के पहले रविवार तक घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कलेक्शन 75.11 करोड़ रुपये रहा। 52.75 करोड़ रुपये की कमाई के साथ फिल्म ‘गोलियों की रासलीला रामलीला’ इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर है।

4 of 5
फिल्म '83' - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
‘83’ की कमाई भी रही ज्यादा
भारतीय क्रिकेट टीम की पहली विश्वकप विजय पर बनी फिल्म ‘83’ पहले सप्ताहांत की कमाई की इस लिस्ट में चौथे नंबर पर है जिसने पहले सप्ताहांत में 47 करोड़ रुपये की कमाई की थी और फ्लॉप रही थी। फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ और फिल्म ‘83’ का बजट करीब करीब एक जैसा ही बताया जा रहा है। पहले वीकएंड की कमाई वाली रणवीर सिंह की टॉप 5 फिल्मों में अंतिम स्थान पर फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ है जिसने रिलीज के पहले रविवार तक 46.77 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
फिल्म 'पद्मावत', सिम्बा और 'रामलीला' - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
रणवीर सिंह की टॉप 5 फिल्में
पहले सप्ताहांत पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली रणवीर सिंह की टॉप 5 फिल्मों के आंकड़े इस प्रकार हैं:
 
फिल्म ओपनिंग पहले वीकएंड पर कमाई
पद्मावत 24 114
सिम्बा 20.72  75.11
रामलीला  16 52.75
83 12.64 47
बाजीराव मस्तानी 12.80 46.77

(सभी आंकड़े करोड़ रुपये में)
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें