निर्माता और निर्देशक करण जौहर की वायकॉम 18 स्टूडियोज के आर्थिक सहयोग से बनी फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ ने खूब हल्ला-गुल्ला करते हुए बॉक्स ऑफिस पर अपना पहला हफ्ता गुरुवार की रात पूरा कर लिया। शुक्रवार दिन भर इसके पहले हफ्ते के बॉक्स ऑफिस आंकड़ों पर मुंबई के फिल्म विशेषज्ञ सिर जोड़कर बैठे रहे। इन चर्चाओं का लब्बोलुआब निकलकर जो आया उसमें सबसे बड़ा सवाल रहा कि कि आखिर 180 करोड़ रुपये की निर्माण और प्रचार लागत से बनी रणवीर सिंह की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ पहले हफ्ते में सिर्फ 73 करोड़ रुपये कमाकर हिट कैसे है, और फिल्म के इसी हीरो रणवीर सिंह की तकरीबन इसी लागत से बनी फिल्म ‘83’ पहले हफ्ते में 72 करोड़ रुपये कमाकर फ्लॉप कैसे है? चलिए आपको बताते हैं आंकड़ों की ये पूरी बाजीगरी और फिर आप खुद फैसला कीजिए कि फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ हिट है या फ्लॉप?