फिल्मी पर्दे पर दिखने वाले कुछ कलाकार ऐसे होते हैं जो फिल्मों में अपनी एक खास छवि के लिए पहचाने जाते हैं। उन कलाकारों में से ही एक थीं अक्सर पर्दे पर मुख्य कलाकारों की मां का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री रीमा लागू। फिल्मों में रीमा ने किरदार तो और भी निभाए लेकिन उन्हें जो खास पहचान मिली, वह एक मां के रूप में ही मिली। वह हिंदी और मराठी भाषा की पचासों फिल्मों में काम कर चुकी थीं और हिंदी के शीर्ष अभिनेताओं जैसे; अजय देवगन, शाहरुख खान, सलमान खान, संजय दत्त आदि की मां का किरदार निभा चुकी थीं। हालांकि, वह अब इस दुनिया में नहीं हैं। हम आपके लिए उनके कुछ ऐसे फिल्मी किरदारों को लेकर आए हैं जिनसे वह लोगों के जेहन में उन्हें हमेशा जिंदा रहेंगी। रीमा लागू ने 10 साल बैंक में नौकरी की और इस दौरान भी अपने अभिनय को वह तराशती रहीं। फिर जब वह बतौर अभिनेत्री स्थापित हो गईं तो उन्होंने एक्टिंग को ही अपना पेशा बना लिया।