यशराज फिल्म्स से हिंदी सिनेमा के हीरो नंबर वन रणवीर सिंह के अलग होने के पीछे जो भी कारण रहे हों, लेकिन उनके इस फैसले से ठीक पहले आई ये खबर कि वाईआरएफ टैलेंट के कलाकार सिद्धांत चतुर्वेदी फिल्म ‘शक्तिमान’ में लीड रोल करने जा रहे हैं, सिरे नहीं चढ़ सकी है। अंतर्राष्ट्रीय फिल्म प्रोडक्शन कंपनी सोनी पिक्चर्स की इस भारतीय मेगा बजट फिल्म के लिए रणवीर सिंह का नाम ही फाइनल है और फिल्म के निर्देशक का नाम भी प्रोडक्शन कंपनी ने तय कर लिया है। इस पूरी तैयारी को बहुत ही गोपनीय तरीके से अंजाम दिया जा रहा है। बताया ये भी जा रहा है कि ‘शक्तिमान’ का किरदार अपनी अलग फिल्म में दिखने से पहले अगली ‘स्पाइडरमैन’ फिल्म में भी नजर आ सकता है।