बॉलीवुड में खिलाड़ी कुमार नाम से मशहूर अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म रामसेतु की शूटिंग पूरी हो चुकी है। अभिनेता ने इस बारे में अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए जानकारी दी। अक्षय ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म के सेट से सेलिब्रेशन का एक छोटा सा वीडियो शेयर किया है। 30 सेकेंड के इस वीडियो में जैकलिन फर्नांडिस के अलावा फिल्म की पूरी टीम नजर आ रही है। वीडियो में सभी लोग केक काटकर फिल्म की शूटिंग पूरी होने का जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं।
सामने आए इस वीडियो में अक्षय कुमार ने कहा कि आज मेरी फिल्म राम सेतु का आखिरी दिन है। राम सेतु बनाने के लिए वानर सेना लगी थी और मेरी फिल्म राम सेतु बनाने के लिए यह मेरी सेना है। इस दौरान फिल्म की पूरी टीम जोश के साथ चीयर करती नजर आई। इसके साथ ही अक्षय कुमार ने यह भी बताया कि यह फिल्म दीवाली के मौके पर इसी साल रिलीज की जाएगी।