टीवी अभिनेत्री युविका चौधरी अपने वीडियो ब्लॉग में जातिसूचक शब्द के इस्तेमाल के कारण विवादों में है। 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' फेम मुनमुन दत्ता यानी 'बबिता जी' जैसी गलती दोहराने के चलते सोशल मीडिया पर युविका चौधरी को गिरफ्तार करने की मांग उठी। हालांकि, युविका ने मामले में तत्काल माफी मांग ली है, लेकिन सोशल मीडिया पर उनकी गिरफ्तारी की मांग अभी भी जारी है। अब इस पूरे मामले पर राखी सावंत ने अपनी राय दी है। राखी का कहना है कि युविका अच्छी लड़की है, यदि उसने कोई गलती की है और इसके लिए शर्मिंदा है तो उसे माफ कर देना चाहिए। राखी सावंत मंगलवार शाम को मुंबई में एक कॉफी शॉप के बाहर नजर आईं। इस दौरान अभिनेत्री ने कहा, 'हां, मुझे पता चला कि युविका ने ऐसा कुछ कहा है। उसने गलती की है। मैं जात-पात में भरोसा नहीं करती। कोई बड़ा कोई छोटा नहीं है।'