नवरात्रि पर अपने पिता राकेश रोशन के साथ दुर्गा पंडाल में दिखे सुपरस्टार ऋतिक रोशन इन दिनों फिल्म वॉर की कामयाबी का जश्न खुलकर मना रहे हैं। इस जश्न के बीच समय मिलते ही वह अपनी अगली फिल्मों की पटकथाएं भी पढ़ रहे हैं और ताजा खबर ये है कि ऋतिक की कृष सीरीज की अगली फिल्म की पटकथा को अंतिम रूप दे दिया गया है। कृष 4 की शूटिंग पहले इसी साल शुरू होने वाली थी लेकिन राकेश रोशन की सेहत बिगड़ने के चलते इसकी पटकथा का काम बीच में ही रुक गया था।