संसद से शाहीन बाग की दूरी गूगल 14.5 किलोमीटर बताता है और देश के सबसे ताकतवर शख्स के घर यानि प्रधानमंत्री आवास से ये दूरी लगभग 23.5 किलोमीटर है। इस रास्ते को तय करने में भले आपको एक घंटा या उससे कुछ वक्त ज्यादा लगे लेकिन सच तो ये है कि ये दूरी 50 दिनों में भी नहीं पट पाई है। शाहीन बाग में नागरिकता संसोशधन बिल के खिलाफ महिलाओं, पुरूषों और कुछ बच्चों का प्रदर्शन टस से मस होने का नाम नहीं ले रहा है। सरकार इसपर खिसिया रही है और विपक्ष हवा देने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। मौजूदगी यहां बॉलीवुड के कई सितारों को भी दिखती है लेकिन अब तक कोई बड़ा स्टार इस पर बोलने से बचता रहा लेकिन अब चुप्पी टूटी है। नागरिकता संशोधन कानून और इसके खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शनों के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए सुपर स्टार रजनीकांत ने कहा कि सीएए से मुसलमानों को कोई खतरा नहीं है।