देश में किसी बहुभाषी फिल्म के लॉन्च इवेंट में ऐसा नजारा इससे पहले कभी देखने को नहीं मिला। रिबेल स्टार (Rebel Star) के रूप में अपने प्रशंसकों के बीच मशहूर सुपरस्टार प्रभास (Prabhas) ने हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में अपने 40 हजार के करीब प्रशंसकों के बीच अपनी नई फिल्म ‘राधेश्याम’ (RadheShyam) का ट्रेलर तेलुगू के अलावा हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयामल भाषाओं में लॉन्च किया। प्रभास अपने फैंस को ‘डॉर्लिंग्स’ कहकर बुलाते हैं और इन ‘डॉर्लिंग्स’ का यहां दोपहर दो बजे से ही पहुंचना शुरू हो गया था। हजारों की इस भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी औऱ कई मौकों पर तो पुलिस को प्रशंसकों को काबू में रखने के लिए बल प्रयोग भी करना पड़ा। इस ट्रेलर लॉन्च में प्रभास की निर्माणाधीन फिल्मों के निर्देशक ओम राउत, नाग चैतन्य और संदीप वांगा रेड्डी खास तौर से मौजूद रहे।