दिवंगत अभिनेता पुनीत राजकुमार उर्फ अप्पू के फैंस के लिए एक खुशखबरी है। एक बार फिर पर्दे पर वे अपने पसंदीदा एक्टर को देख सकेंगे। दरअसल, पुनीत राजकुमार की डॉक्यूफिल्म ‘गंधाडा गुड़ी’ रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म अभिनेता की पहली पुण्यतिथि से एक दिन पहले 28 अक्तूबर 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। बता दें कि बीते वर्ष 29 अक्तूबर 2021 को पुनीत राजकुमार का दिल का दौरा पड़ने से 46 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। पुनीत राजकुमार कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार थे। अब उनकी फिल्म फैंस के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है। इस फिल्म की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर अकाउंट से साझा की है और शुभकामनाएं दी हैं।