राज और डीके द्वारा निर्देशित 'द फैमिली मैन 2' रिलीज के बाद से लगातार चर्चा में बनी हुई है। इस सीरीज में मनोज बाजपेयी और समांथा अक्किनेनी के अभिनय को बहुत पसंद किया गया। इतना ही नहीं सीरीज और भी कई किरदारों को जबरदस्त लोकप्रियता मिली है जैसे चेल्लम सर, जेके, धृति, मिलिंद, साजिद और राजी। इस सीरीज में दक्षिण भारतीय अभिनेत्री प्रियामणि ने भी अहम किरदार निभाया था। प्रियामणि ने सीरीज में मनोज बाजपेयी की पत्नी सुची का किरदार निभाया है जो दो बच्चों की मां भी रहती है। सुची एक जासूस की पत्नी है लेकिन उसके पास खुद एक ऐसा राज है जो उसने अपने पति को नहीं बताया है। सुची के किरदार में प्रियामणि को बहुत पसंद किया गया।
शाहरुख संग चेन्नई एक्सप्रेस के गाने में नजर आईं थीं प्रियामणि
हालांकि मनोज बाजपेयी की पत्नी सुची बनने से पहले प्रियामणि शाहरुख खान संग चेन्नई एक्सप्रेस फिल्म में डांस कर चुकी हैं। प्रियामणि और शाहरुख खान ने फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस के गाने '1234' में साथ डांस किया था। इस खास गाने को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। हाल ही में एक इंटरव्यू में इस गाने को याद करते हुए प्रियामणि ने शाहरुख खान को लेकर खास बात कही है।