ज़रूरत से ज्यादा गालियां, अनावश्यक सेक्स सीन्स और हिंदू देवी देवताओं का मजाक उड़ाने के चलते दर्शकों, नेताओं, सिस्टम और न्यायपालिका के सवालों का सामना कर रहे ओटीटी अमेजन प्राइम वीडियो को ये रोग वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ से लगा। नेटफ्लिक्स की तरह एक और ‘सेक्रेड गेम्स’ बनाने की चाहत ने इसकी कंटेट हेड अपर्णा पुरोहित की उत्तर प्रदेश पुलिस के सामने खूब बेइज्जती करवाई है। गिरफ्तारी से भी वह सुप्रीम कोर्ट में गुजारिश के बाद ही बच सकी हैं। इस सारे बवाल के बाद प्राइम वीडियो अब थोड़ा देशभक्ति की बातें करने वाला है। इसी सिलसिले में उसने ‘मिर्जापुर’ बनाने वालों की दो ऐसी फिल्मों के प्रसारण अधिकार खरीदे हैं जो उसकी इमेज पर लगे दागों के लिए रिन साबुन की बट्टी का काम कर सकें।