प्रत्युषा बनर्जी
- फोटो : सोशल मीडिया
बंगाली परिवार में हुआ जन्म
प्रत्युषा बनर्जी का जन्म 10 अगस्त 1991 को झारखंड के जमशेदपुर में एक मिडिल क्लास बंगाली परिवार में हुआ था। शुरू से ही उनकी रुचि कला में थी। पढ़ाई के वक्त भी वह स्कूल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया करतीं। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग में करियर बनाने का सपना देखा और टीवी में काम करने की चाह उन्हें मायानगरी ले आई। यहां, आकर उन्होंने खुद को साबित किया और कम ही वक्त में अपनी अच्छी पहचान बनाने में कामयाब रहीं। प्रत्युषा सिर्फ दसवीं पास थीं। उन्होंने 17 साल की उम्र में अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया था। उन्होंने टीवी शो 'रक्त संबंध' से अपने करियर की शुरुआत की। इसी साल वह 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में नजर आईं। इसके बाद वह 'बालिका वधू' के लिए सलेक्ट हो गईं। इस शो ने उनके करियर को मानो पंख लगा दिए और घर-घर में वह आनंदी के रूप में पहचानी जाने लगीं। इस तरह प्रत्युषा को काफी कम उम्र में ही अच्छी पहचान मिल गई। टीवी शो में एक्टिंग करने के अलावा प्रत्युषा ने 'झलक दिखला जा' और 'बिग बॉस' जैसे रियलिटी शो में भी हिस्सा लिया था। इसके अलावा वह 'प्यार तूने क्या किया', 'सावधान इंडिया', 'हम हैं ना', 'ससुराल सिमर का', 'स्वरागिनी', 'कुमकुम भाग्य' जैसे शो में भी नजर आईं।