जिंदगी की गाड़ी कब किस मोड़ पर हमें कहां लाकर खड़ा कर दे हम इस बारे में कुछ नहीं कह सकते। ऐसा ही कुछ जिंदगी ने फूलन देवी उर्फ दस्यु सुंदरी के साथ किया था। दस्यु सुंदरी के नाम से मशहूर फूलन देवी किसी जमाने में डर का दूसरा नाम हुआ करती थीं। कई बार गैंगरेप, अत्याचार और फिर डाकू से सांसद बनी फूलन की जिंदगी का सफर किसी के भी रोंगटे खड़े कर सकता है। फूलन देवी की आज यानी 10 अगस्त को 59वीं बर्थ एनिवर्सरी है। वह अपने जीवन में हुए एक कांड के कारण पूरे देशभर में मशहूर हो गई थीं और इतना ही नहीं वह अपनी मौत के 21 साल बाद तक भी उत्तर प्रदेश की राजनीति में कहीं न कहीं सक्रिय हैं। फूलन देवी के जीवन पर बॉलीवुड में भी एक फिल्म बनी, जिसने लोगों के दिलों दिमाग पर गहरी छाप छोड़ी थी।