दुनिया भर से लोग मुंबई आते हैं अपनी तकदीर संवारने। लेकिन, इस शहर की सड़कों की तकदीर कब संवरेगी, कोई नहीं जानता। कहने को ये ग्लैमर वर्ल्ड है। बड़ी बड़ी आलीशान गाड़ियों से सितारे आते हैं। सिनेमाघरों और स्टूडियोज में उतरते हैं और काम करके घर चले जाते हैं। फिल्में बनाने वाली बड़ी बड़ी कंपनियां यहां अंधेरी पश्चिम के कुल चार किलोमीटर के दायरे में काम करती हैं। अकेले टी सीरीज कंपनी बीते पांच साल में कोई पांच हजार करोड़ रुपये का कारोबार सिर्फ फिल्मों से कर चुकी है। लेकिन, इन दफ्तरों तक अगर किसी आम इंसान को पहुंचना हो तो आपको चांद की सतह याद आ जाएगी। इन्हीं रास्तों से ऋतिक रोशन, राकेश रोशन, भूषण कुमार, एकता कपूर, आदित्य चोपड़ा और करण जौहर जैसे हिंदी सिनेमा के दिग्गज रोज गुजरते हैं, लेकिन न कोई कभी इस बारे में ट्वीट करता है और न ही बात करता है।