दक्षिण भारतीय फिल्मों की सुपर हॉट अभिनेत्री पूजा हेगड़े न केवल साउथ में बल्कि बॉलीवुड में भी काम कर चुकी हैं। अभिनेत्री आज यानी 13 अक्तूबर को अपना 32वां जन्मदिन मना रही हैं। पूजा का जन्म 13 अक्टूबर 1990 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने साउथ की कई सुपर हिट फिल्मों में भी काम किया है, जिसके दम पर उनकी एक अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है। बेशक पूजा का जन्म मुंबई में हुआ था, लेकिन अभिनेत्री का परिवार कर्नाटक के उडुपी जिले से संबंधित था। पूजा को अपने कॉलेज के दिनों से फैशन और मॉडलिंग का शौक था, जिसके कारण वह अक्सर फैशन शोज और डांस शोज में हिस्सा लेती रहती थीं। बचपन से फैशन और डांसिंग की तरफ झुकाव होने कारण पूजा को पता था कि उन्हें आगे जाकर क्या करना है। पूजा के यही शौक उन्हें फिल्मों की रंगीन दुनिया में लेकर आए, लेकिन उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी।