शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम की आगामी फिल्म 'पठान' पर इन दिनों विवाद गर्माया हुआ है। फिल्म का पहला गाना 'बेशर्म रंग' रिलीज होते ही सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक 'पठान' को लेकर पुरजोर विरोध चल रहा है। चारों तरफ शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण को लेकर शिकायत दर्ज की जा रही हैं। यह अब एक ऐसा मुद्दा बन गया है, जिस पर एक बार फिर बॉलीवुड दो गुटों में बंट गया है। जहां कुछ लोग हिंदू संगठनों और उलेमाओं का समर्थन कर गाने को अश्लील बता रहे हैं, वहीं कुछ सेलेब्स ऐसे हैं जो फिल्म के पक्ष में बोल रहे हैं। अब 'पठान' के पक्ष में रहने वालों की लिस्ट में रत्ना पाठक शाह का नाम भी शामिल हो गया है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अभिनेत्री ने 'पठान' का विरोध करने वालों को जमकर फटकार लगाई है।