पद्मा लक्ष्मी राइटर, एक्टर, मॉडल, टीवी होस्ट, प्रोडूसर और मास्टर शेफ हैं। आज उनका जन्मदिन है। पद्मा लक्ष्मी का जन्म 1 सितंबर 1970 को चेन्नई के अयंगर ब्राह्मण परिवार में हुआ था। पद्मा के माता-पिता जब अलग हुए तब वो केवल एक साल की थीं। जिसके बाद उनका बचपन न्यूयॉर्क में बीता। पति से अलगाव के बाद पद्मा की मां न्यूयॉर्क में ही बस गई थीं। पद्मा लक्ष्मी आज के दौर की उन कामयाब महिलाओं में शुमार हैं, जिनसे हर भारतीय महिला प्रेरणा ले सकती है। पद्मा लक्ष्मी करीब पांच भाषाओं की जानकार हैं। पद्मा लक्ष्मी इंग्लिश, हिंदी, तमिल, स्पेनिश और इतालवी भाषा आसानी से बोल लेती हैं।
18 साल में शुरू की मॉडलिंग
पद्मा ने मॉडलिंग की शुरुआत 18 साल की उम्र से कर दी थी। छुट्टी के दौरान पद्मा स्पेन के मैड्रिड शहर के एक कैफे में बैठी थीं। तभी एक मॉडलिंग एजेंट की नजर उन पर पड़ी और उन्हें अप्रोच किया। बस फिर क्या था पद्मा लक्ष्मी ने मॉडलिंग करनी शुरू कर दी और यहीं से उनकी किस्मत बदल गई।