डॉक्टर को भगवान का दूसरा रूप माना गया है। जब जान खतरे में पड़ती है तो डॉक्टर ही मरीज को बचाने का काम करते हैं। ऐसे तो उनका सम्मान हर दिन करना चाहिए, लेकिन 1 जुलाई को ये खास दिन उन्हें समर्पित किया गया है। भारत में एक जुलाई को विधानचंद्र राय के जन्मदिन के रूप में डॉक्टर्स डे मनाया जाता है। वैसे तो हर स्थिति-परिस्थिति में डॉक्टर लोगों की मदद करते हैं, लेकिन पिछले दो साल से उनकी मेहनत ज्यादा बढ़ गई है।
फिल्मी सितारों ने किया डॉक्टर्स को सलाम
कोरोना काल में जब हर तरफ हाहाकार मचा हुआ था तो डॉक्टर, नर्सेस और मेडिकल स्टॉफ ने दिन रात मेहनत करके लोगों की जान बचाई थी।कितने दिनों तक डॉक्टर्स घर नहीं गए थे और बहुत से डॉक्टरों की तो जान भी चली गई। अभी भी कोरोना खत्म नहीं हुआ है और लोग ठीक होने के लिए डॉक्टर का सहारा ले रहे हैं। महामारी के वक्त जिस तरह से डॉक्टरों ने लोगों की जान बचाई है उसकी जितनी तारीफ की जाए कम है। असल मायने में वही हैं सुपरहीरोज। ऐसे में इस खास मौके पर बॉलीवुड सेलेब्स ने भी असली हीरोज को सलाम किया है और सोशल मीडिया पर खास पोस्ट भी साझा किया है।