फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nigar Sultana: मुगल-ए-आजम की बहार याद हैं? अगर नहीं तो ये 10 किस्से ताजा कर देंगे हर बात

Tue, 21 Jun 2022 06:00 AM IST
हर्षिता सक्सेना एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

बीते दौर के मशहूर गाने ‘मेरे पिया गए रंगून’ को शायद ही कोई ऐसा हो जिसने सुना ना हो। इस गाने में अपनी बेहतरीन अदाकारी से दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने वाली अभिनेत्री निगार सुल्ताना अपने दौर की खूबसूरत अभिनेत्रियों में से थीं।
विज्ञापन
1 of 11
निगार सुल्ताना - फोटो : Social media

बीते दौर के मशहूर गाने ‘मेरे पिया गए रंगून’ को शायद ही कोई ऐसा हो जिसने सुना ना हो। इस गाने में अपनी बेहतरीन अदाकारी से दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने वाली अभिनेत्री निगार सुल्ताना अपने दौर की खूबसूरत अभिनेत्रियों में से थीं। बीते दौर की ऐतिहासिक और सुपर हिट फिल्मों में से एक 'मुगल-ए-आजम' में बहार के किरदार में नजर आईं निगार सुल्ताना आज भी अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए याद की जाती हैं। अभिनेत्री के जन्मदिन के मौके पर जानते हैं उनके जीवन से जुड़े 10 अनसुने किस्सों के बारे में-

विज्ञापन

2 of 11
निगार सुल्ताना - फोटो : Social media

कम उम्र में ही अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने वालीं निगार सुल्ताना ने अपने पिता के रहते हुए कभी भी अभिनय के बारे में नहीं सोचा था। हालांकि वह बचपन में स्कूल में होने वाले छोटे-मोटे नाटकों में हिस्सा लिया करती थीं, लेकिन अभिनय को अपना करियर बनाने के बारे में उन्हें ख्याल तक नहीं आया था।

विज्ञापन

3 of 11
निगार सुल्ताना - फोटो : Instagram

21 जून 1932 को जन्मी निगार हैदराबाद से ताल्लुक रखती थीं। उनके पिता एक फौजी थे, इसलिए उनकी परवरिश ऐसे माहौल में हुई जहां सिर्फ निडरता सिखाई जाती थी। निडर माहौल में पली-बढ़ी सुल्ताना असल जीवन में भी काफी बेखौफ और बिंदास थीं। 

4 of 11
निगार सुल्ताना - फोटो : Social media

कम उम्र में ही पिता देहांत के बाद निगार के कंधों पर घर की जिम्मेदारी आ गई थी। ऐसे में उनके पिता के दोस्त मशहूर कलाकार जगदीश सेठी ने उन्हें परिवार का जिम्मा उठाने की सलाह दी। बाद में अपने भाई से विचार-विमर्श करने के बाद निगार ने फिल्मी दुनिया में कदम रखने का फैसला किया।

विज्ञापन

5 of 11
निगार सुल्ताना - फोटो : Social media

14 साल की उम्र में निगार ने साल 1946 में आई फिल्म रंगभूमि से फिल्मी दुनिया में अपनी शुरुआत की। इसके बाद वह धीरे-धीरे इंडस्ट्री में अपनी पकड़ बनाती चली गईं। वह साल 1948 में आई राज कपूर की फिल्म आग में नरगिस और यामिनी कौशल के साथ नजर आई थीं। इसके बाद उन्होंने मशहूर निर्देशक एस एम युसूफ से शादी की, जिससे उनकी एक बेटी हीना कौसर हुईं, जो अपने दौर की जानी-मानी अभिनेत्री बनीं।

विज्ञापन

6 of 11
निगार सुल्ताना - फोटो : Social media

शादी के कुछ साल बाद ही उस दौर के मशहूर निर्देशक के आसिफ ने निगार को अपनी ऐतिहासिक फिल्म 'मुगल-ए-आजम' में बहार का किरदार ऑफर किया। फिल्म में इस किरदार को पाकर जहां निगाह काफी खुश थीं तो वहीं उनके पति युसूफ इसके सख्त खिलाफ थे। दरअसल अभिनेत्री के पति के आसिफ के रंगीन मिजाज से वाकिफ थे। ऐसे में वह नहीं चाहते थे कि उनकी पत्नी के आसिफ की इस फिल्म में काम करें।

विज्ञापन

7 of 11
निगार सुल्ताना - फोटो : Social media

'मुगल-ए-आजम' में उनके इस किरदार को लेकर पति-पत्नी के बीच काफी मनमुटाव पैदा हो गया था। हालांकि निगार इस बात से भली भांति परिचित थी कि यदि वह इस फिल्म को करती हैं तो उनका कैरियर बुलंदियों पर पहुंच सकता है। ऐसे में उन्होंने पति के खिलाफ जाकर इस किरदार को हर कीमत में करने का इरादा बना लिया। निगार अपने इस फैसले पर इस तरह अडिग रही कि पति युसूफ से तलाक देने के बाद भी वह टस से मस नहीं हुईं।

8 of 11
निगार सुल्ताना - फोटो : Social media

फिल्म 'मुगल-ए-आजम' की शूटिंग के दौरान वही हुआ जिसका उनके पूर्व पति यूसुफ को डर था। आसिफ के काम को लेकर जुनून पर दिल हार बैठीं निगार अब आसिफ के आस पास ही रहने लगीं। वहीं के आसिफ भी निगार की खूबसूरत अदाओं पर फिदा हो चुके थे। ऐसे में दोनों ने फिल्म की शूटिंग पूरी होने से पहले ही शादी कर ली। उस समय के आसिफ पहले से ही शादीशुदा थे। उनकी पत्नी का नाम सितारा था।

9 of 11
निगार सुल्ताना - फोटो : Social media

अपने रंगीन मिजाज के लिए मशहूर के आसिफ ने पहली पत्नी से पूछे और तलाक लिए बिना ही निगार से शादी कर ली। बाद में उन्होंने ऐसा ही निगार के साथ किया जब आसिफ ने बिना किसी खबर के दिलीप कुमार की बहन अख्तर से निकाह किया। हालांकि शुरू से ही बेखौफ माहौल में रहीं निगार, सितारा की तरह चुप नहीं रहीं और उन्होंने इस मामले में अपनी आवाज बुलंद की।

10 of 11
निगार सुल्ताना - फोटो : Instagram

अख्तर से शादी के बाद बिगड़ते माहौल को देख आसिफ ने निगार को तलाक दे दिया। लेकिन अभिनेत्री ने इसके बाद भी हार नहीं मानी और उन्होंने आसिफ के खिलाफ अदालत में शिकायत भी दर्ज करा दी। केस दर्ज कराते हुए निगार ने दलील दी थी कि सितारा के रहते आसिफ ने मुझसे शादी की और मेरे रहते अख्तर से। उन्होंने दोनों बार ही बिना किसी की इजाजत से शादी की है, जो गैरकानूनी है। आसिफ को गुनहगार ठहराने वाला यह मामला अदालत में लंबे समय तक चलता रहा।

विज्ञापन

11 of 11
निगार सुल्ताना - फोटो : Social media

बाद में आसिफ के निधन के बाद निगार को उनकी संपत्ति में हिस्सा लेने के लिए भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अपने और अपने बच्चों की हक की जारी इस लड़ाई के लिए उन्होंने कई मुकदमे भी दायर किए। कानूनी दांवपेच में फंसीं निगार ने 70 के दशक तक फिल्मों में काम किया और बाद में एक फर्नीचर की दुकान खोल ली। आसिफ और निगार के दो बच्चे थे, जबकि पहले पति से उन्हें बेटी हीना हुई थी। निगार ने काफी संघर्षों से अपने तीनों बच्चों का पालन- पोषण किया।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें