मिथुन चक्रवर्ती के पिता का निधन
- फोटो : social media
देशभर में इस समय कोरोना वायरस के खतरे के चलते लॉकडाउन जारी है। इसी बीच बॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है। बॉलीवुड अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के पिता का निधन हो गया है। मिथुन के पिता का निधन मुंबई में हुआ है लेकिन लॉकडाउन की वजह से मिथुन इस समय बंगलूरू में फंसे हैं। मिथुन के पिता ने 95 वर्ष की उम्र में मंगलवार को अंतिम सांस ली। मिथुन के पिता बसंत कुमार लंबे समय से बीमार थे और उनका इलाज भी चल रहा था। खबरों की मानें तो बसंत कुमार की मौत किडनी फेल होने की वजह से हुई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक मिथुन चक्रवर्ती किसी शूट के सिलसिले में बंगलूरू गए थे। लेकिन लॉकडाउन की वजह से वो वहीं पर फंस गए। ऐसे में अब पिता की मौत की खबर सुनकर मिथुन मुंबई पहुंचने की जुगत में लगे हुए हैं। हालांकि मिथुन के बड़े बेटे मिमोह इस समय मुंबई में ही हैं। गौरतलब है कि इन दिनों लॉकडाउन का दूसरा चरण चल रहा है ऐसे में यातायात 3 मई तक के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।
बता दें कि मिथुन चक्रवर्ती बंगाल के रहने वाले हैं। उनके पिता ने उन्हें बंगाल में हो रही हिंसा से बचाने के लिए मुंबई भेजा था। यहां मिथुन ने एक्टिंग को अपने करियर के रूप में चुना और एफटीआईआई में दाखिला ले लिया। मिथुन के पिता ने हमेशा अपने बेटे का सपोर्ट किया था।