हिंदी म्यूजिक इंडस्ट्री में जब भी महान गायकों की बात आती है तो उनमें मोहम्मद रफी, किशोर कुमार, लता मंगेशकर के साथ मन्ना डे का नाम जरूर लिया जाता है। उनका जन्म 1 मई 1919 में कोलकाता के एक बंगाली परिवार में हुआ था। अपने सिंगिंग करियर में उन्होंने एक से बढ़कर एक सदाबहार गाने गाए हैं। बॉलीवुड में गाने की शुरुआत उन्होंने 1943 में आई फिल्म 'तमन्ना' से की थी। 50 से 70 के दशक के बीच वह उस चौकड़ी का हिस्सा रहे जिन्होंने हिंदी म्यूजिक इंडस्ट्री पर राज किया है। गाने की उनकी अनोखी शैली उन्हें बाकी गायकों से अलग करती थी। 'लागा चुनरी में दाग', 'एक चतुर नार' 'बाबू समझो इशारे' गाने से उनकी गायिकी का अंदाजा लगाया जा सकता है। पांच दशकों के अपने सुरीले करियर में उन्होंने बंगाली, गुजराती, मराठी, मलयालम, कन्नड़ और असमी भाषा में 3500 से ज्यादा गाने गाए।