मल्लिका शेरावत फिर से सुर्खियों में हैं। उनकी नई फिल्म आरके/आरके अगले हफ्ते रिलीज होने वाली है। मुलाकात भी उनसे इसी सिलसिले में होती है लेकिन बातचीत के शुरू में ही वह बता देती हैं, ‘देखिए मैं जब भी सच बोलती हूं मुश्किल में पड़ जाती हूं। किसी भी बारे में मेरा बोलने का जो मेरा बिंदास तरीका है न, उससे मुश्किल में पड़ जाती हूं। अभी देखिए ना, इतने साल बाद भी हरियाणा में जो महिलाओं के साथ हो रहा है। हरियाणा में महिलाओं को देखने का जो नजरिया है आज तक नहीं बदला। आज भी वहां भ्रूण हत्या, ऑनर किलिंग जैसी बातें वैसी की वैसी ही हैं। इसको लेकर मैं आज भी बहुत दुखी होती हूं। जब भी मैं इस बारे में बात करती हूं तो हरियाणा वालों से बहुत डांट पड़ती है, वे लोग कहते है कि क्यों बोलती है ऐसा।’