चेहरे पर मासूमियत, आंखों में सपने और अदाओं में नजाकत...बेपरवाह खूबसूरती की मिसाल लीना चंदावरकर ने पर्दे पर अपने हर रंग से लोगों का दिल जीत लिया था। 29 अगस्त 1950 को जन्मीं 70 के दशक की मशहूर अभिनेत्री लीना इस साल अपना 71वां जन्मदिन मना रही हैं। फिल्मों में आने से पहले लीना विज्ञापनों में काम करतीं थीं और वहीं उन्हें एक्टर सुनील दत्त ने देखा जिसके बाद उन्होंने फिल्म 'मन का मीत' में अपने अपोजिट साइन किया था।
यूं बनीं थीं लीना किशोर कुमार की चौथी पत्नी
सुनील दत्त से मिले मौके के बाद से लीना के सुनहरे सफर की शुरुआत हो गई। फिल्मों में उन्हें सफलता मिलने लगी और वो नई ऊंचाईयां छूने लगीं थीं। लीना बहुत ही रूढ़िवादी सोच की थीं, यही वजह रही कि उन्होंने फिल्मों में कभी ना तो बिकनी पहनी और ना ही कभी कोई फोटोशूट करवाया। उनकी तो आंखों में ही वो जादू था कि हर कोई उनका दीवाना हो जाता था। हालांकि लीना की निजी जिंदगी में काफी उथल पुथल मची रही।