80 और 90 के दशक में हॉरर फिल्मों के सरताज माने जाने वाले रामसे ब्रदर्स में से एक कुमार रामसे का निधन हो गया है। कुमार रामसे का 85 साल की उम्र में निधन हो गया है। कुमार रामसे के भतीजे अमित रामसे के मुताबिक, ‘कुमार रामसे को गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे दिल का तेज दौरा पड़ा और उन्होंने हीरानंदानी स्थित अपने घर पर ही अंतिम सांस ली।’ कुमार रामसे ने रामसे ब्रदर्स की फिल्मों में लेखन का कार्यभार संभाला। उनकी लिखी चर्चित फिल्मों में ‘पुराना मंदिर’, ‘खोज’ और ‘साया’ शामिल हैं। कुमार रामसे ‘और कौन’ और ‘दहशत’ फिल्मों के निर्माता भी रहे। सोशल मीडिया पर कुमार रामसे को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है। फैंस उनके द्वारा बनाई फिल्मों को याद कर रहे हैं। इससे पहले 2019 में रामसे ब्रदर्स में से एक श्याम रामसे का 67 साल की उम्र में निधन हो गया था। श्याम रामसे के सात भाई थे। इन सभी को रामसे ब्रदर्स के नाम से पहचाना जाता है। कुमार रामसे, केशू रामसे, तुलसी रामसे, करन रामसे, श्याम रामसे, गंगू रामसे और अर्जुन रामसे।
नहीं रहे हॉरर फिल्मों के शहंशाह: कुमार रामसे का 85 साल की उम्र में निधन