साउथ हो या फिर बॉलीवुड सिनेमा जगत में सीक्वल बनाने का चलन काफी समय से शुरू हो गया है। कई ऐसी फिल्में हैं जिनका दूसरा भाग सफलता के झंडे गाड़ देता है, वहीं कुछ के सीक्वल अपनी पहली फिल्म की सफलता नहीं दोहरा पाते हैं और दर्शक इन्हें सिरे से नकार देते हैं। अगर बात करें दक्षिण भारतीय सिनेमा की तो 'बाहुबली' फिल्म जितनी हिट रही उतना ही फायदा उसके सीक्वल को भी मिला, इसी तरह से 'केजीएफ' को लेकर लोगों में जो उत्साह था, उससे दो गुना ज्यादा फायदा 'केजीएफ 2' को मिला और यह फिल्म एक के बाद एक रिकॉर्ड तोड़ रही है। बात करें इसके पीछे की वजह की तो साउथ के निर्देशक व अभिनेताओं ने हर फिल्म की कहानी के अंत में दर्शकों के दिमाग में एक सवाल छोड़ा और उसे सीक्वल आने तक लगातार लोगों के दिमाग में बनाए रखा। बॉलीवुड में भी कई फिल्मों के सीक्वल बने, लेकिन इस तरह की सफलता देखने को नहीं मिली जैसी वर्तमान समय में साउथ की फिल्मों में देखने को मिल रही है। आज हम बात करेंगे ऐसी ही बॉलीवुड फिल्मों की जिनका पहला भाग तो दर्शकों को खूब पसंद आया लेकिन सीक्वल ने निराश कर दिया, या यूं कहें की पहली फिल्म की कामयाबी को मेकर्स सही तरह से भुना नहीं पाए।