ये तो तय है कि फिल्म ‘केजीएफ 2’ अपनी मूल भाषा कन्नड़ में और फिल्म ‘बीस्ट’ अपनी मूल भाषा तमिल में धमाकेदार शुरूआत लेने वाली हैं। लेकिन, फिल्म ‘केजीएफ 2’ को लेकर हिंदी भाषी क्षेत्रों मे कुछ अलग ही माहौल बनता दिख रहा है। फिल्म के पहले चैप्टर की रिलीज के समय से जो माहौल बना है उसके बाद इसका हंगामा फिल्म ‘बाहुबली 2’ जैसा होता दिख रहा है। निर्देशक एस एस राजामौली की फिल्म ‘बाहुबली’ ने जो माहौल बनाया था, उसका फायदा फिल्म ‘बाहुबली 2’ को मिला था। उसी तरह फिल्म ‘केजीएफ’ हिंदी को सिनेमाघरों में देखने वालों से ज्यादा तादाद इसे ओटीटी पर देखने वालों की रही है और इसकी कहानी को लेकर जो माहौल बना, उसका फायदा इसे ‘केजीएफ चैप्टर 2’ में मिलता दिख रहा है। फिल्म ने एडवांस बुकिंग में ही फिल्म ‘आरआरआर’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।