शुक्रवार का दिन अमिताभ बच्चन की मेजबानी में चलने वाले गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 14वें सीजन का आखिरी दिन होगा। करीब पांच महीनों तक दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद बिग बी छोटे परदे से विदा ले रहे हैं। और, अपनी विदाई के इस जश्न पर उन्होंने खूब मस्ती और धमाल किया। अपन हिट फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ का गाना सेट पर बजा तो वह खुद को नाचने से रोक भी नहीं पाए। वहीं इन दिनों के चर्चित गाने ‘बेशरम रंग’ की गायिका शिल्पा राव को मंच पर देख लोगों ने उनसे इसी गाने की फरमाइश भी की लेकिन उन्होंने फिनाले में गाया अपना वह गाना जिस पर फिल्म ‘वॉर’ में ऋतिक रोशन और मानुषी छिल्लर के घुंघरू टूट गए थे।