दक्षिण भारतीय फिल्मों को हिंदी में डब करके करोड़ों का कारोबार खड़ा करने वाले निर्माता मनीष शाह के एक कथित बयान ने हिंदी सिनेमा में एक नया बवाल खड़ा कर दिया है। तेलुगू अभिनेता अल्लु अर्जुन को फिल्म ‘पुष्पा पार्ट वन’ में हिंदी में डब करके रिलीज करने वाले मनीष ही हैं। इस फिल्म को मिली कामयाबी को कैश कराने की कोशिश उन्होंने अल्लु अर्जुन की एक दो साल पुरानी फिल्म ‘अला वैकुंठपुरमुलू’ को हिंदी में डब करके सिनेमाघरों में रिलीज करके करनी चाही। लेकिन, इस बार उनका मामला हिंदी सिनेमा में अपने बूते टॉप फाइव सितारों में जगह बना चुके कार्तिक आर्यन के सामने टिका नहीं। मनीष अब कह रहे हैं कि कार्तिक ने ‘अला वैकुंठपुरमुलू’ को हिंदी में डब करके सिनेमाघरों में रिलीज करने पर इसकी हिंदी में बन रही रीमेक ‘शहजादा’ छोड़ देने की धमकी दी। वहीं सिनेमा कारोबार के जानकार कहते हैं कि इस मामले में कार्तिक ने बिल्कुल सही स्टैंड लिया और जो भी दिक्कत खड़ी हुई है वह दोनों फिल्मों के निर्माता अल्लु अरविंद की वजह से है।