कार्तिकेय 2
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
हिट होने की तरफ अग्रसर 'कार्तिकेय 2'
बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार की फिल्म 'रक्षा बंधन' के ठीक दो दिन बाद रिलीज हुई अभिनेता निखिल सिद्धार्थ की 'कार्तिकेय 2' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। साउथ की यह छोटे बजट की फिल्म तेलुगू दर्शकों के साथ-साथ हिंदी पट्टी के दर्शकों को भी खूब लुभा रही है। रिलीज के चार दिन बाद फिल्म के शोज को बढ़ा दिया गया है। शुरुआत में 53 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई यह फिल्म अब 1575 से अधिक स्क्रीन्स पर दिखाई जा रही है। फिल्म ने पहले दिन 5.04 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जिसके बाद सोमवार तक इसकी कमाई में बढ़त देखने को मिली। मंगलवार को निखिल की फिल्म ने 3.50 करोड़ का कलेक्शन किया था, जो अक्षय की फिल्म से ज्यादा था। चौथे दिन भी इजाफा करते हुए इसने 'रक्षा बंधन' को पटखनी दे दी थी। बढ़ती स्क्रीन्स का फायदा साफ इसकी कमाई पर पड़ रहा है। पांचवें दिन फिल्म में लगभग 3 करोड़ रुपये की कमाई की है, जिसके साथ ही अब फिल्म की कमाई 24.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इस हिसाब से साउथ की यह फिल्म अपनी लागत निकाल पाने की तरफ बहुत तेजी से बढ़ रही है।