बॉलीवुड इंडस्ट्री की 'पंगा गर्ल' कंगना रणौत अपने बयानों की वजह से कानूनी पचड़े में अक्सर फंस जाती हैं। बीते दिनों कंगना ने सोशल मीडिया के जरिए सिख समुदाय के लिए एक बयान दिया था, जिसके बाद कंगना के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन हुआ। इतना ही नहीं, एक्ट्रेस के खिलाफ सिख समुदाय ने शिकायत भी दर्ज करवाई, जिसके बाद आज यानी गुरुवार को कंगना रणौत मुंबई के खार पुलिस स्टेशन पहुंचीं। कंगना यहां पर लगभग सुबह 11 बजे पहुंची थीं और उन्होंने अपना बयान भी दर्ज करवाया, जिसके बाद कंगना लगभग डेढ़ घंटे बाद स्टेशन से बाहर निकलीं।
वहीं, बयान दर्ज कराने के बाद कंगना रणौत ने सोशल मीडिया पर एक साथ दो पोस्ट शेयर किए, जिसमें एक्ट्रेस ने अपनी भड़ास निकाली है। इस दौरान कंगना ने शिकायत करते हुए कहा कि देश में राष्ट्रवादियों के साथ बुरा व्यवहार किया जाता है। इस दौरान कंगना ने अपनी एक तस्वीर भी शेयर की, जो पुलिस स्टेशन के बाहर की है।