कंगना रणौत आए दिन अपने बयानों को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं। देश की आजादी पर दिए गए बयान के बाद कंगना ने बीते दिनों किसानों को लेकर विवादित बयान दिया था। जिसकी वजह से लगातार न सिर्फ सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना हुई बल्कि उनकी इस टिप्पणी के बाद किसान लगातार कंगना का विरोध करते हुए नजर आए और इसी के साथ पंजाब की महिलाओं में अभिनेत्री के खिलाफ काफी आक्रोश था। हाल ही में पंजाब पहुंचीं अभिनेत्री को किसानों की भीड़ ने रोक लिया था और उनसे माफी मांगने की मांग की थी।
लगातार विरोध प्रदर्शन के बाद कंगना ने मांगी माफी
कंगना ने उनके खिलाफ होने वाले विरोध प्रदर्शन के बारे में अपनी इंस्टा स्टोरी के जरिए अपने प्रशंसकों को बताया था। हालांकि किसानों में विरोध प्रदर्शन बढ़ते हुए देखकर कंगना ने महिलाओं से माफी मांगी इस दौरान कंगना ने उनसे कहा कि, 'मैंने आपके लिए ऐसा नहीं कहा था। मेरा यह बयान शाहीन बाग की औरतों के लिए था।' कंगना द्वारा माफी मांगने के बाद लोग शांत हुए और उन्होंने कंगना की गाड़ी को आगे बढ़ने दिया। जिसके बाद अब सोशल मीडिया पर लोग अपनी प्रतिक्रिया जाहिर कर रहे हैं।