बीते शुक्रवार को रिलीज हुई वरुण धवन, कियारा आडवाणी, अनिल कपूर, नीतू कपूर, मनीष पॉल और प्राजक्ता कोली स्टारर फिल्म ‘जुग जुग जियो’ बॉक्स ऑफिस के मंडे टेस्ट में फेल हो गई है। किसी भी फिल्म का कलेक्शन अगर रिलीज के पहले सोमवार को रविवार के कलेक्शन से 50 फीसदी से कम होता है तो माना जाता है कि शुरुआती दिलचस्पी के बाद फिल्म को दर्शकों ने नकारना शुरू कर दिया है। फिल्म ‘जुग जुग जियो’ बनाने वाली कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस और इसे वितरित करने वाली कंपनी वॉयकॉम 18 के लिए फिल्म के सोमवार के शुरुआती आंकड़े बड़ा झटका माने जा रहे हैं।