हाल ही में इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स- 2021 के लिए अलग-अलग कैटेगरी के नॉमिनेशन का एलान किया गया। इसके तहत सुष्मिता सेन की वेब सीरीज आर्या, कॉमेडियन वीर दास के शो और अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी को नेटफ्लिक्स की फिल्म सीरियस मैन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए नॉमिनेट किया गया। इस खबर के सामने आते ही इन कलाकारों ने नॉमिनेशन पर खुशी जाहिर की है। बता दें कि इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ टेलीविजन आर्ट्स एंड साइंसेज न्यूयॉर्क में 22 नंवबर को 2021 के इंटरनेशनल एमी अवार्ड्स के विजेताओं का एलान करेगी।
बता दें कि एमी अवॉर्ड्स- 2021 की इस दौड़ में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ ब्रिटिश स्टार डेविड टेनेंट, इजराइल के रॉय निक और कोलंबिया के क्रिश्चियन टप्पन भी शामिल हैं। फिल्म सीरियस मैन को सुधीर मिश्रा ने डायरेक्ट किया था, जो मनु जोसेफ के उपन्यास सीरियस मैन पर आधारित हैं। इस फिल्म मेंं एक महत्वाकांक्षी अंडरअचीवर शख्स की कहानी दिखाई गई है, जो अपने परिवार की किस्मत को बदलने के लिए अपने बेटे की पॉपुलेरिटी का फायदा उठाता है।