इस साल के गोवा फिल्म फेस्टिवल यानी भारत के अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान भारतीय पैनोरमा में दिखाई जाने वाली 25 फीचर फिल्मों और 20 गैरफीचर फिल्मों की सूची राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) की तरफ से सोमवार को जारी कर दी गई है। एनएफडीसी और सूचना व प्रसारण मंत्रालय हर साल देश भर की ऐसी चुनिंदा फिल्मों का प्रदर्शन गोवा फिल्म फेस्टिवल में इस श्रेणी के तहत करता है जो अपने कथ्य, निर्माण और कलात्मकता में उन उच्च मानदंडों का पालन करती हों, जिनके लिए इस श्रेणी का चलन शुरू किया गया। इस सूची में कानपुर के राकेश चतुर्वेदी ओम की वह फिल्म ‘मंडली’ भी शामिल है जिसके ट्रेलर को सेंसर बोर्ड के मुंबई कार्यालय से पास कराने के लिए राकेश कई बार अपमानित हो चुके हैं।