हीरा मंडी शूटिंग लोकेशन
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
निर्माता निर्देशक संजय लीला भंसाली जितनी भी फिल्में करते हैं, उन फिल्मों की शूटिंग के दौरान फोटो लेना या फिर वीडियो बनाने की सख्त मनाही है। इतना ही नहीं सेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मी इस बात का भी ध्यान रखते हैं कि बाहर से भी सेट का कोई फोटो न खींचने पाए। उनकी नजर आस पास गुजरने वाले लोगों पर होती ही है, साथ ही सीसीटीवी भी लगे हुए हैं। लेकिन, इस बार वेब सीरीज 'हीरा मंडी' की शूटिंग जहां हो रही है, वहां तो सुरक्षा इतनी सख्त है कि अगर सेट के बाहर भी कोई खड़ा दिख जाए तो सुरक्षाकर्मियों के कान चौकन्ने हो जाते हैं। ‘अमर उजाला’ संवाददाता ने सेट के बाहर खड़े होकर इस बात की तस्दीक भी की क्योंकि हमारे यहां खड़े होते ही दो सुरक्षाकर्मी आ गए। उनसे जब कहा गया कि हम एक परिचित का इंतजार कर रहे हैं, तो कहा गया कि उस परिचित को फोन मिलाकर बात कराइए।